Showing posts with label abhishek kapoor. Show all posts
Showing posts with label abhishek kapoor. Show all posts

Saturday, 8 December 2018

रिव्यू-‘केदारनाथ’-उफ्फ ये ‘शेखुलर’ मोहब्बत

-दीपक दुआ... (Featured in IMDb Critics Reviews)
अगर आपको पता चले कि 
2013 में उत्तराखंड के केदारनाथ में आई उस प्रलयकारी बाढ़ के पीछे एक बड़ा कारण यह भी था कि उस रात मोहब्बत के दुश्मनों ने सच्चा प्यार करने वाले एक जोड़े को अलग कर दिया था, तो कैसा लगेगा? बात फिल्मी है लेकिन अगर कायदे सेकही जाए तो आपके भीतर छुपे प्रेमी-मन को झंझोड़ सकती है, भावुक कर सकती है कि उस रात उनके बिछड़ने पर बादल भी कुछ इस तरह रोए थे कि हज़ारों को लील गए थे। लेकिन कायदे सेकही जाए तब ! इस फिल्म में और सब कुछ है, वो कायदा’, वो सलीकाही नहीं है जो किसी कहानी को आपके दिल की गहराइयों तक कुछ इस तरह से ले जाता है कि आप उस के साथ बहने लगते हैं।

Saturday, 18 March 2017

पर्सनल रिलेशंस के सवाल पर क्या बोली थीं कैटरीना?


-दीपक दुआ...

फरवरी, 2015 की बात है। निर्देशक अभिषेक कपूर की फिल्म फितूरआने वाली थी और वह इस फिल्म के कलाकारों के साथ प्रचार के लिए दिल्ली आए हुए थे। अपने को एबीपी न्यूज से न्यौता मिला कि दिबांग के शो प्रेस कांफ्रेंसमें कैटरीना कैफ से सवाल पूछे जाएं। दिल्ली के होटल ली मेरीडियन में प्रेस कांफ्रेंसका सैट लगाया गया था। जब हम वहां पहुंचे तो देखा सामने दो कुर्सियां लगी हुई हैं। जाहिर था कि कैटरीना अकेले नहीं रही थीं। सोचा, अभिषेक साथ होंगे। लेकिन कैटरीना आईं तब्बू के साथ। दिबांग ने कैटरीना और तब्बू से बातें कीं और हम आमंत्रित पत्रकारों ने कैटरीना से एक-एक सवाल पूछा।
 
मेरा सवाल था-आपके पर्सनल रिलेशंस की काफी सारी बातें होती हैं लेकिन किसी भी रिलेशन में आप बहुत ज्यादा आगे तक नहीं गईं। क्या वजह है? क्या आपको कमिटमैंट से डर लगता है या यह भी सिर्फ डेस्टिनी है?

इस सवाल पर कैटरीना पहले तो हंसी और फिर बोलीं कि यह सवाल पहली बार किसी ने मुझसे पूछा है। उसके बाद वह सोच में पड़ गईं और इतनी देर सोचती रहीं कि बाद में उस अंतराल को शो के प्रसारण के समय एडिट करना पड़ा। जवाब में उन्होंने जो कहा वह आप इस वीडियो में खुद देखें तो बेहतर होगा।

Friday, 11 November 2016

रिव्यू-‘रॉक ऑन’ नहीं ‘रॉक ऑफ’ है यह

-दीपक दुआ... (Featured in IMDb Critics Reviews)



देखो यार सीधी बात है-किसी फिल्म का सीक्वेल तब बनाओ जब आपके पास पहले पार्ट से बेहतर सही, तो उसके बराबर वजन वाली कहानी हो। इससे कम कुछ भी लाओगे गुरु, तो उसे किनारे कर दिया जाएगा, याद रखो...!

अभिषेक कपूर के डायरेक्शन में करीब आठ साल पहले आई रॉक ऑन की सबसे बड़ी खासियत उसके म्यूजिक के अलावा उसके किरदारों के आपसी इमोशनल रिश्ते थे। दर्शकों को उस फिल्म में कुछ नया, कुछ अपना, कुछ दिलकश लगा था और इसी वजह से वह लोगों के दिलों में जगह बना पाई थी। मगर अफसोस रॉक ऑन 2’ अपनी तमाम कोशिशों के बावजूद उस गहराई तक नहीं उतर पाई है जहां इसे तारीफों के मोती मिल सकते।

मैजिकबैंड के आदि, के.डी., जो वगैरह अपनी-अपनी जिंदगी में आगे बढ़ चुके हैं। आदि एक हादसे के बाद मेघालय के किसी गांव में रह कर खेती करता है। मेघालय ही क्यों, महाराष्ट्र का कोई गांव क्यों नहीं? अच्छा मेघालय पर्यटन के साथ गठबंधन जो हुआ है आपका। पर यह क्या, आपने तो मेघालय की सरकार को ही बेईमान बता दिया। खैर, एक और हादसा इन सबको फिर से करीब लाता है और ये अपने दो नए साथियों के साथ अपने पहले प्यार यानी म्यूजिक से फिर जुड़ जाते हैं।

अभिषेक और पुबाली चैधरी की कहानी में कोई नयापन नहीं है। किसी का रूठ कर अपने काम से परे चले जाने और फिर लौट आने का प्लॉट बुरा नहीं है लेकिन ऐसी कहानी जबर्दस्त शॉक मांगती है। आदि जिस वजह से सब छोड़ कर चला जाता है वह बड़ी लगने के बावजूद झटका नहीं दे पाती। फिर उसके वापस आने का बहाना भी जबरन ठूंसा गया-सा लगता है। दरअसल मेघालय वाला पूरा हिस्सा ही इस कहानी में मिसफिट लगता है। फिर जिस तरह से उदय और जिया के दो नए किरदार गढ़े गए हैं वे भी सहज नहीं लगते। पटकथा को अपने मुताबिक तोड़ने-मरोड़ने की लेखकों की साजिश जल्द समझ में जाती है और ऊपर से बार-बार धीमी पड़ती फिल्म की रफ्तार इसे कई जगह बेहद बोर बना देती है। शुजात सौदागर के निर्देशन में कसावट और कल्पनाशीलता का कच्चापन झलकता है।

फरहान अख्तर, अर्जुन रामपाल, प्राची देसाई वगैरह बेहद साधारण रहे हैं। पूरब कोहली जरूर उभर कर दिखते हैं। श्रद्धा कपूर, कुमुद मिश्रा, शशांक अरोड़ा जैसे कलाकारों को कायदे के किरदार ही नहीं मिल सके और फिल्म इन्हें ज़ाया करती दिखती है। साथ ही इस फिल्म की सबसे बड़ी कमी है इसका साधारण म्यूजिक। एक-दो को छोड़ कहीं भी यह दिल में नहीं उतर पाता। मेघालय के चंद बेहद खूबसूरत दृश्यों के अलावा दिल में उतर पाने में तो यह पूरी फिल्म ही नाकाम रही है। ठीक 1000 रुपए के उस नोट की तरह, जो वजनदार तो है लेकिन अब यह किसी को प्यारा नहीं रहा।
अपनी रेटिंग-दो स्टार